कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नगार ने नगर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें उन्होंने अल्पसंख्यक विभाग के कार्यो में शिथिलता बरतने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं,अनुपस्थित होने पर उप दुग्ध अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी करने का निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह को निर्माणाधीन सड़कों एवं सेतुओ का निर्माण अप्रैल तक पूर्ण कराने निर्देश दिया। विद्युत अभियंता अभिनव तिवारी को निवेश मित्र व झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनो के निस्तारण करने का आदेश दिया। जिला पंचायत राज अधिकारी को एक महीने के अंदर 310 ग्राम पंचायतो में पंचायत भवन का निर्माण पूरा कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान डीएफओ प्रभुभाई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश अग्रवाल अन्य अधिकारी मौजूद रहे।