मऊ। प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय टीम का चयन ट्रायल 11 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। यह प्रतियोगिता पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित की जाएगी। उप क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल ने बताया कि खेल निदेशालय उप्र लखनऊ के तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन 16-23 जनवरी 2024 तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, बस्ती में किया जा रहा है।प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला खेल कार्यालय की तरफ से जनपदीय चयन ट्रायल्स 11 जनवरी 2024 डाॅ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पूर्वाह्न 10 बजे से किया जाएगा। चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले सीनियर पुरूष फुटबाल खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। जिले के इच्छुक सीनियर पुरुष फुटबाल खिलाड़ी इस चयन/ट्रायल में भाग ले सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी दिनांक 12 जनवरी 2024 को आजमगढ़ में आयोजित मंडलीय ट्रायल में भाग लेंगे।