मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के बमहौर गांव में रविवार शाम को बच्चों के वॉलीबॉल खेलने के विवाद में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि 45 वर्षीय प्रेम प्रकाश सिंह उर्फ रिंकू को हमलावारों ने गोली मार दी। गोली बाएं पैर में लगी है।
गोली लगने की सूचना मिलने पर मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना मौके पर पहुंचे। जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है।
रानीपुर क्षेत्र के बमहाैर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास रविवार शाम सात बजे के करीब वॉलीबॉल का मैच हो रहा था। जहां गांव के युवाओं और पड़ोसी गांव के कुछ युवाओं में झगड़ा हो गया।
जहां इसकी सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश सिंह गाड़ी से पहुंचे। इसी दौरान किसी ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लगी है। घटना के बाद मौजूद लोगों ने घायल को रानीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखकर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया है। जब पुलिस माैके पर पहुंची तो घटनास्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं गांव में कोई भी इस मामले में कुछ भी बताने को तैयार नहीं था।
गोली किस परिस्थिति में चली यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में तनाव के हालात हैं।
एहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।