नगर पंचायत के दुबारी मोड़ पर बुधवार की शाम डूडा कर्मचारी व सभासद ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए मारपीट की। इसमें पुलिस ने दोनों पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर दोनों पक्ष से चार-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह के सभासद नसीम अहमद का आरोप है कि डूडा के चार कर्मचारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच में अनियमितता बरतते हुए धांधली की जा रही है। इस बात का विरोध करने पर डूडा कर्मचारियों ने कहासुनी की। मामले बात इस कदर बढ़ी की कर्मचारियों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। उपस्थित लोगों ने बीच बचाव किया। जैसे ही इस बात की जानकारी अन्य सभासदों को हुई वे आक्रोशित हो गए। थाने पहुंच कर सभासद नसीम अहमद ने डूडा के रविकृष्णा निवासी चंदाडीह थाना उभाव, परमेश्वर निवासी हसनपुर थाना मधुबन, मानीष मौर्य निवासी अमिला थाना घोसी एवं अखण्ड प्रताप सिंह निवासी पाती रोड़ मधुबन के खिलाफ तहरीर दिया। इस मामले में पुलिस ने चारों डूडा कर्मियों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर डूडा कर्मचारियों की तरफ से मधुबन थाना क्षेत्र के हसनपुर निवासी परमेश्वर लाल यादव ने सभासदों पर मारपीट करने तथा गाली देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने इस मामले में कस्बा मधुबन निवासी नसीम अहमद, विकास बहादुर मल्ल, गोलू मौर्य तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।