जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संस्थागत प्रसव में कमी पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। विकासखंड कोपागंज, रतनपुरा और जिला महिला चिकित्सालय में प्रसव की संख्या कम पाई गई।
उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रसव प्रोत्साहन भुगतान के मामले में जिला महिला चिकित्सालय में मात्र 59 फीसदी भुगतान होने पर डीएम ने शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने और लाभार्थियों के बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए।
सिजेरियन प्रसव के लक्ष्य पूरे न होने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। मुहम्मदाबाद गोहना में बीसीजी टीकाकरण 87.11 फीसदी पाए जाने पर जांच के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों का अभिमुखीकरण भी शामिल है।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निक्षय मित्रों की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया। पोषण पुनर्वास केंद्रों में अति कुपोषित बच्चों की भर्ती संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने 75 फीसदी से कम भर्ती वाले विकासखंडों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।