उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला कमेटी की आवश्यक बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय अलाउद्दीनपुरा में जिला अध्यक्ष उमाशंकर ओमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन प्रदेश आईटी मंच के महामंत्री आनंद ओमर ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से कोपागंज की जर्जर सड़कों, जलभराव और मऊ नगर क्षेत्र में आबादी के बीच से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के खतरनाक तारों का मुद्दा छाया रहा। व्यापारियों ने प्रशासनिक उदासीनता पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि कोपागंज थाने के सामने से नगर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग की हालत बदतर हो चुकी है। वहीं, नगर पंचायत कार्यालय के पास की सड़क की गिट्टियां पूरी तरह उखड़ जाने से आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होते ही दोस्तपुरा, जुम्मनपुरा, वाजिदपुर, ओड़ियांना मोड़ और दोस्तपुरा उत्तरी के खटीक टोला जैसे मोहल्लों में दो-दो फीट पानी लग जाता है।
नाली का गंदा पानी दुकानों और मकानों में घुसने से व्यापारियों का भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने कई बार जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बरसात आने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बैठक में मऊ नगर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके रोजा बाजार से सदर चौक होते हुए खीरी बाग और रघुनाथपुर तक गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गंभीर चिंता जताई गई।
व्यापारियों ने बताया कि इन तारों के नीचे सुरक्षा के लिए कोई जाली नहीं लगाई गई है। खंभों से सटे मकानों के कारण आए दिन बंदर इन तारों पर उछल-कूद करते हैं, जिससे तारों के आपस में टकराने से भयानक स्पार्किंग होती है।
इस वजह से बाजार में कई बार भगदड़ की स्थिति बन जाती है। अब तक करेंट की चपेट में आने से 25 से अधिक बंदरों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में किसी बड़े मानवीय हादसे का डर बना हुआ है।