मऊ। धनतेरस पर नगर सहित जिले के विभिन्न प्रमुख बाजारों में हर ट्रेड की दुकानों पर धन की बरसात हुई। ऑटो, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फुटवियर के कारोबारी संगठनों की रिपोर्ट के मुताबिक धनतेरस पर जिले में 350 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही, जिससे बाजार देर शाम तक गुलजार रहे। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। जिले में 20 करोड़ के सोने चांदी के आभूषण बिके। वहीं लगभग लगभग 3630 वाहनों की बिक्री हुई।
धनतेरस के दिन नगर के सहादतपुरा, मुंशीपुरा चौक, रौजा, सिंधी कॉलोनी, गोला बाजार, मिर्जाहादीपुरा, घास बाजार, भीटी सहित विभिन्न बाजारों में दुकानें सामानों से सजी रहीं। घास बाजार स्थित सराफा की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही बाइक शोरूम में मेले जैसा माहौल रहा। बाजार बर्तन, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक, बाइक शोरूम सहित विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर लोगों ने खरीदारी की। शाम होते-होते नगर की हर छोटी बड़ी बर्तन, मूर्ति, आभूषणों, कपड़े आदि की दुकानों पर भीड़ देखकर कारोबारी भी दंग रह गए। इसके साथ ही मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट, रतनपुरा, मर्यादपुर सहित विभिन्न बाजारों में धनतेरस के दिन भारी गहमागहमी रही।
इनसेट
आकर्षक उपहार से बर्तन की दुकानों पर रही सबसे अधिक भीड़
दुकानदारों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक ऑफर और छूट से लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह था। सबसे अधिक भीड़ बर्तन के दुकानों पर रही। सबसे अधिक बिक्री भी बर्तनों की रही। वहीं दूसरे नंबर पर सराफा व्यवसाय रहा। वाहन शोरूम पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई लोगों ने शुभ मुहूर्त पर नए वाहन खरीदकर धनतेरस को यादगार बनाया। बर्तनों में जहां अधिकांश लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कूकर, टिफिन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डिनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम आदि खरीदा। वहीं कुछ लोगों ने छोटी वस्तुएं खरीदकर धनतेरस की रस्म अदायगी की। छोटे बर्तनों में सर्वाधिक बिक्री पीतल के पूजा सामग्रियों की रही। लोगों ने दीपदान, लोटिया, घंटी आदि की खरीदारी की। कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ दुकानों तथा शॉपिंग मॉल में रही। युवा पीढ़ी का रुझान ब्रांडेड परिधानों की ओर ही अधिक रहा। युवाओं, युवतियों, बच्चों और महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार खूब खरीदारी की।
इनसेट
बर्तन, गहने और आभूषण खरीदने का रिवाज
नगर के अली बिल्डिंग में खरीदारी करने आई मंजू यादव, शीला सिंह, रंभा पांडेय का कहना था कि हर वर्ष सोने के आभूषण, बर्तन आदि सामानों को धनतेरस के दिन ही खरीदते हैं। खरीददारी का रिवाज है।
20 करोड़ के गहने बिके
इंडियन बुलियन ज्वेलरी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय सर्राफ का कहना था कि धनतेरस पर जिले में 20 करोड़ का सराफा कारोबार हुआ है। अंसारी टीवीएस के प्रोपराइटर शादाब अंसारी ने बताया कि धनतेरस पर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह है। जिले मेें 3630 वाहनों की बिक्री हुई।
-
मिठाई की जमकर खरीदारी हुई
धनतेरस पर लोगों का उत्साह देखने लायक था। पूरे बाजार में रौनक रही। बाजार में मिठाई की दुकान पर लोगों ने जमकर मनपसंद मिठाई की खरीदारी की। मिठाई में लोगों की पसंद सबसे ज्यादा सूखी मिठाईयां थीं। इसमें सोनपापड़ी, पेड़ा, गोंद के लड्डू, मेवे से बनी मिठाई शामिल थी।
धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर जुटी भीड़
धनतेरस पर नगर क्षेत्र स्थित सभी इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स की दुकानों पर लोग सुबह से ही टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि की खरीदारी के लिए पहुंचे। खरीदारी करने वालों का दुकानदारों ने उपहार देने की भी योजना बनाई थी। इसके कारण लोगों का रूझान उस दुकान पर कुछ ज्यादा ही दिखा।
वर्ष 2024 में कारोबार
सराफा 25 करोड़
वाहन 3300 वाहन
000000000000
वर्ष 2025
सराफा 20 करोड़
वाहन 3630 वाहन
नगर के सहादतपुरा में धनतेरस पर मोरपंख की खरीदारी करतीं महिलाएं।संवाद
नगर के सहादतपुरा में धनतेरस पर मोरपंख की खरीदारी करतीं महिलाएं।संवाद