दोहरीघाट (मऊ)। कार्तिक पूर्णिमा का ऐतिहासिक स्नान सोमवार को है। प्रशासन ने इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली है। घाटों की साफ सफाई कर स्नानार्थियों के स्नान के लिये सुरक्षित करने का कार्य किया जा चुका है। वहीं स्नान के लिए संवेदनशील घाटों जानकी घाट व गौरीशंकर घाट को सील कर दिया गया है। अब केवल रामघाट पुराना घाट व पुल के पूरब तरफ मातेश्वरी धाम के पास नदी किनारे पूरी तरह से स्नानार्थियों के स्नान के लिए सुरक्षित किया गया है।
प्रशासन द्वारा दूर दराज से आने वाले स्नानार्थियों के लिए स्नान की व्यवस्था की गई है। उधर चैयरमैन वेदाना सोनकर ने घाटों का निरीक्षण किया। हनुमान मंदिर के पास खराब सरकारी हैण्डपम्प को देख चैयरमैन ने नाराजगी जताया। उन्होंने उसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।
कार्तिक पूर्णिमा के ऐतिहासिक स्नान को लेकर नगर पंचायत द्वारा घाट पर महिलाओं को स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए चार बड़े बड़े टेंट लगाए गए हैं। वहीं स्नानार्थियों के लिए सोने व विश्राम करने लिए एक बड़े टेंट की व्यवस्था व हनुमान मन्दिर के पास नगर पंचायत की ओर से कैम्प लगाया गया है। यह जानकारी चैयरमैन वेदाना सोनकर ने दी है। इस दौरान पूर्व सभासद विजय गुप्ता, सफाई नायक नंदलाल यादव व महातम मिश्र रहे।