मऊ। माघ पूर्णिमा पर अमृत स्नान के लिए मंगलवार को मऊ जंक्शन और रोडवेज बस स्टेशन से हजारों श्रद्धालु महाकुंभ रवाना हुए। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की टीम प्लेटफाॅर्म, टिकट खिड़की और सर्कुलेटिंग एरिया में गस्त करती रही।
ट्रेन रुकने पर सुरक्षा बल की दोनों यूनिट ने यात्रियों को कतारबद्ध खड़ा करके ट्रेन में चढ़ाया। मऊ जंक्शन के पूछताछ केंद्र और सहायता केंद्र पर तैनात कर्मचारी यात्रियों की मदद करते दिखे। माघ पूर्णिमा पर अमृत स्नान 12 फरवरी को है। मंगलवार को मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से चार महाकुंभ स्पेशल, नौ एक्सप्रेस ट्रेनों और 71 रोडवेज बसों से हजारों यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हुए।
सफर के दौरान यात्रियों को सुरक्षित ले जाने के लिए वर्कशॉप के मैकेनिक बीते तीन दिन से बसों की मरम्मत में लगे थे। श्रद्धालुओं को गांव से भी प्रयागराज तक पहुंचाने की व्यवस्था थी। इनमें 35 बसें मऊ डिपो और 36 दोहरीघाट डिपो की थीं।
प्रयागराज के अलावा अन्य रूटों के लिए बस नहीं मिलने से यात्री परेशान दिखे। अमर उजाला की टीम दोपहर 12:15 बजे मऊ रोडवेज बस स्टेशन पहुंची तो बलिया जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे राकेश सिंह, साहनारा बानो और धनंजय सिंह ने बताया कि वो बीते एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। बलिया के लिए बस नहीं मिल रही है।
सोहम कुमार, आनंद प्रजापति, पूनम और रजिया ने बताया कि उन्हें गोरखपुर जाना है, लेकिन बस नहीं मिल रही है। सभी ने बताया कि पूछताछ केंद्र पर बात करने पर पता चला कि सभी बसें प्रयागराज जा रही हैं। उधर से लौटने वाली बस शायद बलिया और गोरखपुर जाए।
श्रद्धालुओं से भरी ट्रेन पर पत्थर चला रहा युवक गिरफ्तार
सोमवार की सुबह झूंसी जाने वाली महाकुंभ स्पेशल ट्रेन को आरपीएफ और जीआरपी की टीम यात्रियों को बैठाकर प्रयागराज के लिए रवाना कर रही थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन पर पत्थर चलाने लगा। रेलवे सुरक्षा बल मऊ के उपनिरीक्षक इंद्रजीत यादव और उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंद्रजीत यादव ने बताया कि मंगलवार को उसे एसीजेएम रेलवे बनारस के न्यायालय भेजा गया है।