मऊ। निर्विरोध निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय से जिले के लोग विकास की काफी उम्मीद लगाए हैं। उन्होंने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा बजट में पिछड़े क्षेत्रों के विकास को रफ्तार देने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विशेष बातचीत में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुदूर इलाकों में आवागमन के लिए बेहतर सड़कें, निकासी केे नाले-नालियों का निर्माण कराया जाएगा।
सड़कों के बारे में विशेष ध्यान देने के साथ कोशिश करेंगे कि जिला पंचायत द्वारा कुछ नया कार्य किया जाए। बजट में देवारांचल क्षेत्रों के विकास को लेकर प्राथमिकता देंगे। इसके अलावा पिछड़े इलाकों के विकास के लिए बोर्ड में सहमति के साथ दूसरे प्रतिनिधि सांसद, विधायक, ब्लाक प्रमुख के साथ योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के जिम्मेदार, कर्मचारियों की उदासीनता को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्व को पूरा करें। कहीं से कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड के सदस्यों, अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच सामंजस्य बनाकर कार्य किया जाएगा।
सेमीफाइनल जीते, अब फाइनल की बारी
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि विधान सभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल कहे जाने वाले इस मुकाबले में 67 सीटें जीतकर हमने संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेश की जनता गुंडाराज का सफाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के समर्थन में है। आने वाले 2022 विधान सभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुना लड़ा जाएगा और एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। पिछली सरकारों में जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख के चुनाव में जबरदस्त गुंडई की गई थी, लेकिन इस बार मऊ सहित पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार में ऐसा नहीं देखा गया। आरोप लगाया कि सदस्यों को धमकाया गया, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। पूरे प्रदेश में शांति ढंग से चुनाव हुए हैं।