सूरजपुर। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के महुआ बारी गांव में रविवार की तड़के कुछ मनबढ़ लोगों ने सड़क के किनारे एक व्यक्ति के टीनशेड और मड़ई उजाड़ दिया। विरोध करने पर मनबढ़ों ने दो महिलाओं को लात घूसों से मारापीटा। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
महुवाबारी गांव निवासी राम कुमार राजभर और बृजेश यादव की जमीन दोहरीघाट मधुबन मार्ग पर अगल बगल है। इस जमीन को लेकर दोनों के बीच केस चल रहा है। आरोप है कि रविवार को तड़के लोग आए और राम कुमार की मड़ई से टीन शेड आदि उजाड़ दिया। जब राम कुमार की पत्नी पुष्पा और भाभी शीला ने विरोध किया तो विरोधियों ने उनको पीटा। पुष्पा ने आरोप लगाया कि उसकी मडई, टाटी और टीन शेड उठा ले गए।
पुष्पा की तहरीर पर पुलिस ने गांव बृजेश यादव, अश्वनी यादव, आशुतोष यादव और सूर्यभान यादव के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। पुष्पा ने आरोप लगाया कि जब वह तहरीर लेकर थाने गई तो मुंशी ने उसे हटा दिया और कहा कि दूसरा कागज ले आओ हम बोल कर तहरीर लिखवाते हैं। उसने आरोप लगाया कि दीवान ने अपनी मरजी के अनुसार तहरीर लिखवाया। हालांकि इस बाबत एसओ राजकेशर सिंह का कहना है कि तहरीर बदलवाने का महिला का आरोप एकदम गलत है।