मधुबन के सरया मेवागिरी में बंद पड़ी पानी की टंकी के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।संवाद
- फोटो : MAU
फतहपुर मंडाव। सरया मेवागिरी गांव में आठ माह से ओवरहेड टैंक की मोटर फुंकी पड़ी है। ऐसे में जलापूर्ति भी बाधित है। बृहस्पतिवार को नाराज ग्रामीणों ने देर शाम प्रदर्शन कर जलापूर्ति करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरहेड टैंक का मोटर फुंकने के आठ माह बाद भी मरम्मत नहीं करायी जा रही है। करोड़ों रुपये की लागत के प्रोजेक्ट का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। इस भीषण गर्मी में शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। प्रदूषित पानी से लोग विभिन्न बीमारियों की जद में आ रहे हैं। जल निगम की तरफ से गांव में लगाए गए हैंडपंप भी प्रदूषित पानी उगल रहे हैं। कई तो खराब पड़े हैं। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ग्राम प्रधान राजदेव प्रसाद का कहना है कि फुंकी मोटर बनवा दी गई है। ब्लाक कार्यालय में बिल बाउचर की फाइल पड़ी है। अधिकारी, कर्मचारी टालमटोल कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में जयराम, जितेंद्र, महेंद्र, मेराज अहमद, लोकेश, दीपक, अजय आदि शामिल रहे।