अमिला। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के अमिला ग्राम सभा के रकबा पुरवे में एक वर्ष पूर्व मुख्य मार्ग पर शुरू हुआ पुल निर्माण अधर में लटका है। ऐसे में ग्रामीणों का आवागमन बंद है। शिकायती पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अमिला ग्रामसभा के रकबा पुरवे में मुख्य मार्ग से लगायत लगभग एक किलोमीटर का लिंक मार्ग है। जिसपर पुल रहने के बावजूद पंचायत चुनाव के दौरान पुल तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। कार्यदायी संस्था ने मानक को ताक पर रख कर निर्माण कार्य करते हुए दोनों तरफ ईंट की दीवाल खड़ी कर दी किंतु एक साल बीतने के बावजूद पुल निर्माण शुरू नहीं कराया जा सका। ऐसे में मार्ग पर सैकड़ों लोगों का प्रतिदिन का आवागमन बंद है। परेशान ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। जिस पर नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुल का निर्माण कार्य अविलंब शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुनील राय, कृष्ण मोहन, पतिराम गुरुदेव, अजीत गोंड, लक्ष्मी सैनी, रामचंद्र सैनी, रिशु राय, योगेंद्र, दीपक आदि शामिल रहे।