रतनपुरा पूर्वी रेलवे फाटक को खोले जाने की मांग को लेकर आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार को
- फोटो : MAU
रतनपुरा। पूूर्वी लेबल क्रासिंग को खोलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को सुबह 10 बजे प्रदर्शन किया। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम सदर तहसील दार एवं रेलवे इंजीनियर, अश्वनी चौहान के आश्वासन पर शाम चार बजे विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ। संघर्ष समिति ने 29 फरवरी तक का समय दिया । चेताया कि 29 फरवरी तक अगर फाटक से आवागमन शुरु नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
30 गांवों के करीब 400 से ज्यादा ग्रामीण रेलवे द्वारा बंद कराए गए पूर्वी रेलवे फाटक पर सुबह दस बजे पहुंचे। यहां रेलवे द्वारा फाटक पर आवागमन बंद कराने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया गया। किसान सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि यह रेलवे अधिकारी की तानाशाही रवैया है। सपा नेता मन्नू पहलवान ने कहा कि रेलवे अधिकारियों की तुगलकी नीति से कई गांवों के लोग सांसत में हैं। कम्युनिस्ट पार्टी के कांता यादव ने कहा कि कई दशकों से चले आ रहे इस रास्ते को बंद करना जनविरोधी है। सुगन यादव ने कहा कि यदि रेलवे अधिकारी इस समस्या का समाधान नहीं करते हैं तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन की जानकारी पर सदर तहसीलदार ओपी पांडेय दोपहर तीन बजे के करीब रेलवे के इंजीनियर अश्वनी चौहान के साथ मौके पर पहुंचे। यहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं साथ ही उन्हें शांत कराते हुए उनकी समस्या को आला अधिकारियों के साथ रेलवे के अधिकारियों के समक्ष रखकर अंडरपास बनाकर आवागमन शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में बबलू यादव, संतोष सिंह यादव, जितेंद्र राजभर,मुन्ना यादव, सुधाकर ,रमेश कुमार ,राजवंशी चौहान, छेदी यादव, संजय कुमार,भूपेंद्र सिंह, सदानंद, विवेक चौहान, शेषनाथ सहित बड़ी संख्यामें ग्रामीण मौजूद रहे।