परदहां ब्लाक के पिपरीडीह बाजार में आए दिन जर्जर तार टूटन से आजीज आजकर व्यापारियों ने किया प्रदर्?
- फोटो : MAU
पिपरीडीह। जिले में आए दिन तारों के टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित होती है। मंगलवार की शाम पिपरीडीह बाजार में तार टूटकर गिर गया। घटनास्थल पर उस समय लोगों की आवाजाही न होने से बड़ा हादसा टल गया। बुधवार की सुबह मरम्मत के बाद फिर तार टूटकर गिर गया। इससे नाराज लोगों ने बाजार में प्रदर्शन कर बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई और समस्या से निजात की मांग की।
विद्युत उपकेंद्र कोटवा से पिपरीडीह बाजार, पिपरीडीह रेलवे स्टेशन, आजाद नगर में विद्युत आपूर्ति होती है। मंगलवार की शाम करीब सात बजे तार जर्जर होने से गिर गया। बाजार में उस समय सड़क पर भीड़ न होने से हादसा टल गया। लोगों ने इसकी सूचना बिजली कर्मचारियों को दी। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर मरम्मत कर तार को दुरस्त कराया गया, लेकिन बुधवार की दोपहर 12 बजे एक बार फिर तार टूट गया। सड़क से उस वक्त कई लोग गुजर रहे थे जो बाल-बाल बच गए। 12 घंटे के भीतर दूसरी बार तार टूटकर गिरने से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध कर रहे व्यापारी सोम्मर, खटाई, अनील, गुड्डू, रामअवतार, गोपाल आदि ने बताया कि पिपरीडीह बाजार में इस जनवरी महीने में लगभग छह बार से अधिक जर्जर तार गिर चुका है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों पर कोई कवायद नहीं की जा रही है। चेताया कि जल्द ही जर्जर तारों को नहीं बदला गया तो मजबूरन ग्रामीण उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति ठप कराकरआमरण अनशन करेंगे। इस बाबत एसडीओ अमित गुप्ता का कहना है कि पिपरीडीह बाजार के जर्जर तार बदलने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। शीघ्र ही तार बदल दिए जाएंगे।