मऊ/मझवारा। मझवारा पुलिस चौकी को थाना बनाने के लिए सीमांकन के साढ़े चार साल बाद भी जमीन का आवंटन नहीं हुआ है। घोसी कोतवाली के दायरे में घोसी और बड़रांव ब्लॉक की 127 ग्राम पंचायतों की कमान है। समय के साथ जनसंख्या बढ़ने से घोसी कोतवाली से 16 किमी की परिधि में सुरक्षा संभव नहीं है।
नदवासराय और मझवारां पुलिस चौकी में से किसी एक को थाना बनाने की मांग बीते एक दशक से चली आ रही है। घोसी कोतवाली से मझवारा चौकी की दूरी 12 किलोमीटर है, लेकिन उसे भी रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का दर्जा प्राप्त नहीं है। मझवारा पुलिस चौकी को थाना बनाने के लिए 26 मई 2022 को तत्कालीन डीएम की स्वीकृति मिली थी। सीमांकन कर जमीन की नापी भी हुई थी। लेकिन समय बीतने के बाद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। बड़ी घटना होने पर एक उपनिरीक्षक और छह कांस्टेबलों के भरोसे मामले को संभालना मुश्किल है। बढ़ती जनसंख्या के साथ उधर मुहम्मदाबाद गोहना और घोसी कोतवाली के बीच थाने की आवश्यकता बढ़ गई है। दोनों कोतवाली की दूरी 22 किलोमीटर है। इसके अलावा यह क्षेत्र आजमगढ़ जनपद की सीमा से लगे हुए हैं।
बड़राव ब्लॉक की 70 और घोसी ब्लॉक की 72 ग्राम पंचायतों में रहने वाली लाखों की आबादी की सुरक्षा अकेले घोसी कोतवाली पर होती है। दोनों थानों में दूरी अधिक होने के चलते भी ये क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है। क्षेत्रफल, अपराध और जनसंख्या के मानक के आधार पर वर्ष 2021 में बड़रांव ब्लॉक में स्थित नदवासराय और बोझी पुलिस चौकी को नया थाना बनाने के लिए सर्वे किया गया था। लेकिन सर्वे के बाद इस इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।
-
इनसेट
दुबारी चौकी को थाना बनाने के लिए हुआ था सर्वे
धुबन और दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरयू के तटवर्ती इलाकों में अवैध शराब पर अंकुश पुलिस के लिए चुनौती है। इसके अलावा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां अधिक होती हैं। दुबारी पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग काफी दिनों से चल रही है। जनपद में अपराध शून्य पर ले जाने के लिए वर्ष 2021 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने दुबारी को नया थाना सृजित कराने के उद्देश्य से अपराध, जनसंख्या और क्षेत्रफल के मानक के अनुसार सर्वे कराया था। दुबारी थाने के लिए मधुबन थाने के कुछ गांवों को लेने की उम्मीद थी। जिससे देवारा इलाके में अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके।
इनसेट -
15 अगस्त 2020 रामपुर को मिला था 12वें थाने का दर्जा
दर्जा मिलने के बाद 15 अगस्त 2020 को रामपुर बेलौली थाने का उद्घाटन किया गया। उधर मधुबन थाना क्षेत्र में आने वाले 264 राजस्व गांवों में 110 को लेकर रामपुर थाना बनाया गया था। 16 अगस्त को थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी। नए थाने में 22 अगस्त 2020 को पहला एफआईआर दर्ज की गई।
-
इनसेट -
12 थानों से होता है अपराध नियंत्रण
कोतवाली मऊ, सरायलखंसी, महिला थाना, रानीपुर, चिरैयाकोट, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली, हलधरपुर, कोपागंज, घोसी कोतवाली, दोहरीघाट, मधुबन, रामपुर से पुलिस अपराध पर नियंत्रण रखती है।
वर्जन
मझवारा को थाने बनाने के संबंधित प्रस्ताव को शासन को भेजा जा चुका है, स्वीकृति मिलते ही कवायद शुरू कर दी जाएगी।
इलामारन जी, एसपी, मऊ