बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में नौ दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिवार और गांव के लोगों ने शुक्रवार को एसपी आफिस पर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर स्थानीय थाने की पुलिस की शिकायत की। कहा कि मुख्य आरोपी रामनिवास पाल पेशे से वकील और दबंग किस्म का व्यक्ति है। बीते 21 जुलाई को उसने घर पर आकर अजय और उसके भाई बृजेश पर हमला कर दिया। उसके साथ नौ और लोग भी थे। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जब आसपास के लोग एकत्र हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
अजय और बृजेश की मां उर्मिला देवी की तहरीर पर रामनिवास पाल, संदीप पाल, प्रदीप पाल, अमित पाल, शशि पाल, बच्चन पाल, अखिलेश पाल, नागेंद्र पाल और गुड्डू पाल सहित नौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। अन्य सात नामजद आरोपी हैं। लगातार परिवार को धमकी दे रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने परिवार से कहा कि आरोपियों पर कार्रवाई जरूरी होगी। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।