मदरसा बोर्ड की परीक्षा के दौरान सेंटर इंटरमिडिएट कालेज को बनाए जाने के विरोध में नगर क्षेत्र में विरोध जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन के लिए जाते विभिन्न मदरसा के छात्र और शिक्षक।
शासन ने अब मदरसों की परीक्षा भी अन्य सेंटर पर कराए जाने की व्यवस्था की है। फरमान पर मदरसों का परीक्षा केंद्र सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों पर बनाया जाना है। लेकिन यह मदरसा शिक्षकों का रास नहीं आ रहा। टीचर्स एसोसिएशन मदारीसे अरबिया के तत्वावधान में गुरुवार को मदरसा शिक्षकों तथा छात्रों ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
मदरसा शिक्षकों व छात्रों का जुलूस सदर चौक से निकला। जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र शामिल हुए। जुलूस में शामिल छात्र, शिक्षक रेलवे फाटक, रोडवेज, आजमगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां पर जुलूस धरने में तब्दील हो गया। इसके बाद मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय को सौंपा।
इस मौके पर अरशद हसन ने कहा कि मदरसों में सभी सुविधाओं के होने के बाद भी शासन द्वारा मदरसों का परीक्षा केंद्र सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में निर्धारित कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र दूर हो जाने से मदरसा में पढ़ने वाली छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी मामले पर विचार नहीं किया जा सका है। मदरसों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया तो मदरसा परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा। धरने में जय नारायण द्विवेदी, कृष्णनंद राय, अब्दुल हमीद, असअद नोमानी, इफ़्तेख़ार, शहनवाज, अरशद हसन, सलाउद्दीन, फिरोज अहमद आदि शिक्षक मौजूद रहे।