ब्लाक क्षेत्र के कृष्णा अंबेडकर महाविद्यालय में बुधवार को बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता हरिश्चंद यादव ने कहा कि भाजपा के कई नेता सामान्य शिष्टाचार और भाषा का इस्तेमाल करना भी भूल गए हैं। इसीलिए दयाशंकर सिंह जैसे नेता बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के विरुद्घ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। कहा कि केंद्र की सत्ता के मद में चूर भाजपाई नेता यह भूल गए हैं कि किसी भी नेता के विरोध के लिए शिष्ट शब्दों की कमी नहीं है।
यह लोकतंत्र का तकाजा है कि विरोधियों की आलोचना करने के लिए मर्यादित शब्दों का प्रयोग करें। विरोध के लिए सतही शब्दों के प्रयोग की इजाजात भारतीय संविधान कदापि नहीं देता। लेकिन भाजपा नेता मर्यादा की सीमाएं लांघ रहे हैं। उन्होंने भाजपा के शीर्ष और जिम्मेदार नेताओं को सलाह दी कि वे अपनी पार्टी के नेताओं को मर्यादित , अनुशासन , शिष्ट शब्दों के प्रयोग करना सिखाएं। कहा कि यह ठीक है कि भाजपा ने बेलगाम पार्टी नेता दयाशंकर सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है लेकिन केवल इतना ही पर्याप्त नहीं है उनके विरुद्घ अपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
पूर्व विधान सभा क्षेत्राध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष बहन मायावती के प्रति अशिष्ट शब्द का प्रयोग करने वाले भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर व्यापक जनांदोलन चलाएंगे। बैठक में बसपा नेता उरसी भाई , रमेश यादव , गौरीशंकर आचार्य , हरेंद्र प्रधान , अनिल अनिल गौतम , श्रीकृष्ण , लाल बहादुर भारती , सदाफल यादव , परशुराम यादव , दिलीप कुमार , सुनील गोंड़ आदि मौजूद रहे।