तीन दिनों से रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के सामने शनिवार की सुबह चक्का जाम कर दिया।
गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर खाली सिलेंडर रखकर लोग बैठ गए और नारेबाजी करने लगे । कुछ ही देर में हाइवे के दोनों तरफ गाड़ियों के लंबी लंबी लाइनें लग गईं। लगभग पौन घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने गैस एजेंसी मालिक को बुलाकर उपभोक्ताओं से वार्ता कराई। एजेंसी स्वामी के जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देने के बाद लोगों ने जाम खत्म कर किया।
कोपागंज भातकोलमोड़ के पास भारत गैस एजेंसी से तीन दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। गैस एजेंसी से आपूर्ति ठप होने के कारणों की सही जानकारी भी नहीं दी जा रही थी।
इससे नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को एजेंसी के सामने गोरखपुर- वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाली सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राममूरत यादव ने जामकर्ताओं को काफी समझाया बुझाया लेकिन उपभोक्ता कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।
अंत में थानाध्यक्ष ने गैस एजेंसी मालिक को बुलाकर उपभोक्ताओं से वार्ता कराई। एजेंसी संचालक ने आश्वस्त किया कि सिलेंडर की गाड़ी आते ही उसका वितरण शुरू कर दिया जाएगा। उसके बाद जाम समाप्त किया गया। आंदोलन करने वालों मेंें शनि ,संजीव ,मजीद, रामचेत, राजेश ,महेंद्र ,सोनू, मनीष, राजकुमार, ,गुफरान, अकरम, शहाना, मुस्ताक आदि शामिल रहे।