डीएलएड (डिप्लोमा इन एलमेंट्री एजुकेशन) की हो रही परीक्षा के दौरान शुक्रवार को लीक हुए सामाजिक विज्ञान समेस्टर दो के मामले में डायट प्राचार्य की तहरीर पर मऊ जिले की शहर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। शनिवार की देर शाम दर्ज हुई एफआईआर में 21 लोगों को नामजद किया गया है।
जिले के 17 केंद्रों पर डीएलएड की परीक्षा हो रही है। इस दौरान शुक्रवार की शाम को द्वितीय पाली में समाजशास्त्र कई परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने के मामला सामने आया। 12 से अधिक छात्रों के पास हल पेपर मिले थे। जांच के दौरान मामला सही मिलने पर उस समय प्राचार्य डायट ने शासन और परीक्षा नियंत्रण बोर्ड को रिपोर्ट भेजी।
बाद में शनिवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने देर शाम रिपोर्ट दर्ज कर ली। डायट प्राचार्य प्रभुनाथ चौहान ने बताया कि शहर क्षेत्र के सोनीधापा बालिका इण्टर कालेज में पेपर लीक होने के मामले में कुल 21 परीक्षार्थियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
जांच के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि डीएलएड का पेपर लीक करने के पीछे किसी बड़े शिक्षा माफिया का हाथ हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पेपर लीक होने के मामले में बड़े गैंग का पर्दाफाश हो सकता है। डायट प्राचार्य ने बताया कि लीक प्रश्न पत्र की दोबारा परीक्षा के संबंध में परीक्षा नियंत्रक के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाल रामसिंह ने बताया कि डायट प्राचार्य प्रभुनाथ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पेपर लीक करने वाले के बारे में भी जानकारी की जाएगी।