मऊ। जिले में डीएलएड द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा की चल रही तैयारी बुधवार को पूरी हो गई। परीक्षा तीन अप्रैल से नौ अप्रैल तक जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इस वर्ष एक परीक्षा केंद्र में अलग-अलग प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षु परीक्षा देंगे। परीक्षा प्राधिकारी नियामक प्राधिकारी कार्यालय की तरफ से प्रशिक्षुओं के अनुक्रमांक का रैडमाइजेशन कर दिया गया है। परीक्षा में चार हजार प्रशिक्षु शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए तीन सचल दस्ता का गठन किया गया है। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्रो पर दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
जिले में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था सहित 95 डीएलएड कालेजों हैं। कालेजों के डीएलएड द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा तीन अप्रैल से नौ अप्रैल तक होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शासन की तरफ से राजकीय बालिका इंटर कालेज इमिलिया, डीएवी बालिका इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, सोनीधापा खंडेलवाल बालिका इंटर कालेज, वनदेवी इंटर कालेज कहिनौर, सरदार बल्लभ भाई पटेल इंटर कालेज हलधरपुर, नेहरू इंटर कालेज रतनपुरा, बापू इंटर कालेज कोपागंज, धर्मादेवी बालिका इंटर कालेज गोकुलपुरा, भदांव इंटर कालेज, थलईपुर, टाऊन इंटर कालेज मुहम्मदाबादगोहना सहित 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा में चार हजार प्रशिक्षु शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक होगी। इस बाबत डायट प्रवक्ता डॉ. संदीप राय का कहना है कि परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।