घोसी नदवासराय मार्ग पर कारीसाथ मोड़ के आगे ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद सड़क जाम करते परिजन और महिलाएं।
- फोटो : mau
कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय मार्ग स्थित कारीसाथ मोड़ पर सोमवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंचने पर नाराज लोगों ने शव को नदवासराय-घोसी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान जाम समाप्त कराने पहुंची पुलिस पर गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और जाम खत्म किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के कुढ़हनी गांव निवासी हरिओम शर्मा 20 पुत्र राजनाथ शर्मा बाइक से मस्जिदिया गांव रहने वाली अपनी बुआ से मिलने गया था। बुआ से मिलने के बाद हरिओम खुरहट बाजार जाने के लिए निकला। उसके साथ उसकी बुआ का पुत्र राजेश शर्मा और बृजेश शर्मा भी हो लिए। हरिओम अपनी बाइक से था, जबकि उसके फुफेरे भाई दूसरी बाइक से थे। कारीसाथ मोड़ के पास घोसी की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। सड़क पर गिरे हरिओम के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से मौके पर पहुंचे फुफेरे भाई राजेश शर्मा और बृजेश शर्मा भाई के शव को देखकर अवाक रह गए। दोनों ने 100 डायल को इस घटना की सूचना दिया। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी फोन कर घटना से अवगत कराया।
सूचना देने के एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, इसके चलते परिजन आक्रोशित हो गए और शव को नदवासराय-घोसी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जब पुलिस जाम हटाने पहुंची तो गुस्साए लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। जाम से वाहनों की लंबी कतारे लग गई। परिवार के लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंच गई। बाद में जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार घोसी एसपी गुप्ता और सीओ अनिल कुमार मौके पर पहुुंचे। तहसीलदार के आश्वासन देने पर तीन घंटे बाद शाम को चार बजे के करीब जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मृतक के चाचा अमरनाथ शर्मा की तहरीर पर अज्ञात ट्रक व चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।