उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान भाषा विभाग की तरफ से कस्बा स्थित संत गणिनाथ राजकीय पीजी कॉलेज में रविवार को मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में संस्कृत गीत, बाल एवं युवा वर्ग, संस्कृत वाचन, संस्कृत सामान्य ज्ञान एवं श्लोकान्त्याक्षरी की प्रतियोगिता हुई। प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र छात्राएं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के डाॅ. सचिन देव पांडेय ने किया। विशिष्ट अतिथि शिवा डिग्री कॉलेज तेरही आजमगढ़ के डाॅ. मनोज द्विवेदी रहे। प्रतियोगिता में आजमगढ मंडल के तीनों जनपदों से चुन कर आए हुए 33 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वालों में गीत प्रतियोगिता में संजना शर्मा, मधुरिमा को प्रथम स्थान मिला। वाचन प्रतियोगिता में शिप्रा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में ममता शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक डाॅ. राकेश कुमार, किरन शर्मा, डाॅ. नेहा मिश्र, डॉ. मनोज द्विवेदी, बी एल सागर , मृत्युंजय उपाध्याय एवं वापूनन्दन मिश्र उपस्थित रहे। डॉ. अवनींद्र पांडेय ने संचालन किया। डॉ. चन्द्रकांत दत्त शुक्ल ने आभार जताया।