मऊ। नगर क्षेत्र के बख्तावरगंज वार्ड 13 स्थित प्राथमिक विद्यालय के एक भूभाग पर एक दबंग ने अवैध कब्जा कर रखा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक के पत्र पर नगर शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्वयक निर्माण ने गत दिनों स्थलीय निरीक्षण किया था। जांच रिपोर्ट में भूखंड को विद्यालय की संपत्ति बताया है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक खड़गबहादुर सिंह के पत्र पर नगर शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश तथा जिला समन्वयक निर्माण अजीत तिवारी ने 12 अक्तूबर 2021 को निरीक्षण किया। इसमें प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन मिला। स्कूल के प्रधानाध्यापक द्वारा उपलब्ध कराए दस्तावेजों के आधार पर अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट में लिखा है कि उक्त विद्यालय के समीप पांच मीटर की दूरी पर खाली भूखंड है जो विद्यालय की ही संपत्ति है। उस पर अवैध कब्जा किया गया है। इसका उपयोग उच्च प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण, खेल मैदान के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
प्रधानाध्यापक द्वारा उपलब्ध कराए गए विद्यालय के दस्तावेज के आधार पर अधिकारियों ने स्थानीय नागरिक मौजेलाल, रामसरीख से भूखंड के बारे मेें जानकारी ली। उन्होंने बताया कि भूखंड विद्यालय की ही संपत्ति है। इस मामले में नगर शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश तथा जिला समन्वयक निर्माण अजीत तिवारी से पूछा गया तो बताया गया कि जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी गई है। इस मामले में बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच अधिकारियों द्वारा दी गई रिपोर्ट को कोर्ट में जमा कर दिया गया है। अभी इस मामले का निर्णय नहीं आया है। अदालत का जो भी फैसला होगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।