शादी समारोह की तैयारी के दौरान सिलेंडर से रिसाव से लगी आग ने घरवालों के साथ ही मोहल्ले को दहशत में डाल दिया। घर के सदस्यों ने किसी प्रकार भागकर जान बचाई।
मोहल्लेवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में शादी के सभी सामान जलकर राख हो गए। घटना कोपागंज थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा मोहल्ले में शनिवार को उस समय हुई जब घर की महिलाएं रसोई में मेहमानों के लिए खाना बना रही थीं। अगलगी में सभी सामान जलने से परिवार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
दोस्तपुरा मोहल्ला निवासी राजेंद्र पाण्डेय की पुत्री चंद्रप्रभा पाण्डेय की शनिवार को शादी थी। बलिया जनपद के रसड़ा से बारात आने वाली थी। सुबह से ही घर के सदस्य शादी की तैयारी में जुटे थे। सभी तैयारियां पूर्ण हो गईं थी।
घर में आए मेहमानों के लिए रसोई घर में ही खाना बन रहा था। इसी बीच गैस सिलेंडर के रिसाव से आग लग गई। दिन में लगभग 12 बजे अचानक आग लगने से घर में अफरातफरी मच गई।
देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। घर में आए मेहना और सदस्य किसी प्रकार जान बचाकर भागे। आग धीरे-धीरे सभी कमरों में फैल गई और घरेलू सामान, अनाज, कपड़ा, जेवरात, अटैची, गद्दा, रजाई, सोफा, चारपाई, मसहरी आदि जलने लगे।
मोहल्ले के लोग जब तक जुटकर आग पर काबू पाते शादी के सभी सामान जलकर राख हो गए। सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सहित नगर पंचायत अध्यक्ष हेलाल अंसारी, राकेश यादव, श्रीराम जायसवाल, संजीत यादव आदि भी पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देकर शादी का कार्य किसी प्रकार निपटवाने में मदद का आश्वासन दिया।