मऊ। संपूर्ण बंदी शुरू होने से पहले शुक्रवार को जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सरकार ने पूर्ण बंदी की अवधि बढ़ा दी है जिससे लोगों ने खाद्य वस्तुओं के साथ ही पर्याप्त सब्जियों की खरीदारी कर ली ताकि बंदी के दौरान परेशानी न हो। इस दौरान बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हुई।
जिला मुख्यालय पर सहातदपुरा, चौक से लेकर अन्य बाजारों में मौजूद किराने की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही। इस दौरान लोग महीने भर का सामान खरीदते नजर आए। इसके अलावा जिनके यहां शादी है, उन लोगों ने आज ही सारा सामान पैक करा लिया। लोगों का मानना था कि यदि दुकानें बंद रही तो भी शादि विवाह के कार्य में कोई दिक्कत नहीं होगी। कोपागंज : संपूर्ण बंदी को देखते हुए बाजार में लोगों ने अपनी जरूरत के सामानों की खरीदारी की। इसका असर शुक्रवार को बाजारों में देखने को मिला। इसके अलावा बंदी से पहले भी घरों के लिए जरूरी सामान खरीदने वाले लोगों की भीड़ रही। ओडियना बाजार ,चौक आदि ऐसे इलाके हैं जहां पर विवाह शादियों के सामान मिलते हैं, वहां पर सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। बाजारों में इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ती दिखी। लोग एक-दूसरे से सटकर चलते दिखे जबकि दुकानों के अंदर भी ग्राहकों की भरमार थी। कमोवेश यह हाल अन्य बाजारों में भी था।