थाना मधुबन क्षेत्र के मधुबन-घोसी मार्ग पर शुक्रवार को आबकारी विभाग ने एक कचिया शराब कारोबारी को पकड़ने के चक्कर में किराना व्यवसायी को धबोच लिया।
इस बीच किराना व्यवसायी घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आक्रोशित होकर जिला पंचायत सदस्य सुभाष यदुवंशी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अहिरौली गांव के समीप मार्ग जाम कर दिया। जाम एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ। इस संबंध में आबकारी विभाग का कहना है कि किराना व्यवसायी अपने से बाइक लेकर गिर गया और घायल हो गया।
मधुबन थाना क्षेत्र के कोतवालपुर गांव निवासी चंद्रभान यादव अपने गांव में किराना की दुकान करता है। शुक्रवार को वह अपनी बाइक से सिपाह इब्राहिमाबाद सामान खरीदने गया था।
सामान खरीदने के बाद वह अपनी दुकान पर जा रहा था कि रास्ते में अहिरौली गांव के समीप आबकारी निरीक्षक शंकर पाल एवं उनके साथ सिपाहियों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया।
पीड़ित चंद्रभान का आरोप है कि आबकारी विभाग के इंसपेक्टर एवं सिपाहियों ने उसे कचिया शराब का कारोबारी बताते हुए मारापीटा एवं सामान बिखेर कर खोजबिन की।
लेकिन बोरे में किराना का सामान मिलने पर वह उसे छोड़कर भाग गए। इसकी जानकारी जब जिला पंचायत सदस्य सुबाष यदुवंशी को मिली तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ अहिरौली गांव के समीप सड़क जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक चला जाम एसडीएम अमरनाथ राय के आश्वासन पर समाप्त हुआ।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुबाष यदुवंशी ने कहा कि आबकारी विभाग के लोग आए दिन छोटे-छोटे व्यापारियों को इसी प्रकार तंग कर रहे हैं। विभाग कारोबारियों के यहां नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग सिर्फ वसूली में लगा हुआ है। इस संबंध में आबकारी निरीक्षक शंकर पाल का कहना है कि आरोप निराधार है। किराना व्यवसायी को सिर्फ रुकने के लिए कहा गया लेकिन वह अपने से गिरकर घायल हो गया।