सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शनिवार की सुबह छत ढलाई की तैयारी के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गांव निवासी महावीर (27) शनिवार की सुबह छत ढलाई करने लिफ्ट मशीन लेकर हाजीपुर गए थे। सुबह करीब नौ बजे मशीन सेट करने के लिए ऊपर चढ़े थे। तभी लिफ्ट मकान के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार के करीब पहुंची और करंट उतर गया। करंट लगने से महावीर नीचे जमीन पर गिर गए और सिर में चोट लग गई।
दूसरे मजदूर साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार महावीर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, एक साल पहले ही शादी हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बिलखने लगी। सूचना मिलते ही दोनों बड़े भाई और गांव के लोग जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।