रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के बड़ागांव स्थित रामगोपाल इंस्ट्टीयूट आफ एजुकेशन में सीटेट परीक्षा के ल?
- फोटो : MAU
मऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के आयोजन की चल रही सभी प्रशासनिक तैयारी शनिवार को पूरी हो गई। रविवार को 96 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 74800 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक सीटिंग प्लान करने में व्यस्त रहे। परीक्षाएं कोविड गाइड लाइन के अनुरुप होगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए डीसीएसके पीजी कॉलेज, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल, मुस्लिम इंटर कॉलेज, अमृत पब्लिक स्कूल, रामलगन गर्ल्स पीजी कॉलेज थानीदास, रामभजन डिग्री कॉलेज थलईपुर, पार्वती महिला डिग्री कॉलेज दोहरीघाट, जिले में 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों मेें होगी। पहली पाली रविवार को सुबह 9.30 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से 4.30 बजे तक होगी। पहली पाली मेें 37,800 तथा दूसरी पाली में 37,000 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में होगी। नकल पर नजर रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापक के अलावा सीबीएसई का एक पर्यवेेक्षक तैनात रहेगा। सीबीएसई की तरफ से प्रत्येक केंद्र पर कमरों में लगे सीसीटीवी के अलावा अलग से वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सीबीएसई बोर्ड से गठित सचल दस्ता प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर निगरानी करता रहेगा। इस बाबत सीबीएसई के जिला कोआर्डिनेटर पीएल जैसी ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा शुरू होने पर अभ्यर्थी को इंट्री नहीं मिलेगी।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को रोके जाएंगे बड़े वाहन
मऊ। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए पुलिस विभाग ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने की योजना बनाई है। बात करने पर पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि बड़े वाहनों को शहर के बाहर रोका जाएगा। साथ ही हर चौराहों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। ताकि हल्के वाहन के साथ दो पहिया वाहनों के आने जाने पर कोई दिक्कत न हो।