होली के अवसर पर अपने पैतृक गॉव काझाखुर्द में लोगों की समस्याओं को सुनते एमएलसी अरविंद शर्मा।
- फोटो : MAU
मऊ/मुहम्मदाबाद गोहना। पूर्व सैनिकों को घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी के लिए जिले में जल्द ही सीएसडी कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व आईएएस अधिकारी और एमएलसी अरविंद शर्मा ने अगले दो माह में जिला मुख्यालय पर सीएसडी कैंटीन एवं पूर्व सैनिकों को मेडिकल सुविधा के लिए ईएसएचएस (एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूशन हेल्थ स्कीम) सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। इसके लिए भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र दुबे और पूर्व सैनिक अरविंद राय ने मंगलवार को एमएलसी को मांग पत्र सौंपा था।
जिलाध्यक्ष की मांग पर एके शर्मा ने तत्काल रक्षा मंत्रालय के सचिव से फोन पर वार्ता कर जनपद मुख्यालय पर कैंटीन और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने अगले दो माह में मऊ जनपद मुख्यालय पर सीएसडी कैंटीन व पूर्व सैनिकों के लिए मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र दुबे ने कहा कि एके शर्मा के प्रयास से सीएसडी कैंटीन खुल जाने के बाद जनपद के अतिरिक्त बलिया व आजमगढ़ आदि जनपदों के सैनिकों को वाराणसी जाने और भोर से ही लाइन में लगने की असुविधा से छुटकारा मिल जाएगा।
तमाम लोगों ने काझाखुर्द पहुंच कर एमएलसी अरविंद शर्मा से मुलाकात की। सनेखपुर गांव के प्रधान के नेतृत्व में आए लोगों ने गांव में सड़क बनवाने की मांग की। भाजपा और अन्य दलों के नेताओं ने भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एके शर्मा ने कहा कि जिले स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर कराने का प्रयास करेंगे। कहा कि अस्पताल का खुलना ही काफी नहीं है। यहां पर चिकित्सक की तैनाती और जांच के लिए सभी मशीनों के साथ अन्य सुविधाएं होनी चाहिए। इसके लिए शासन स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
एमएलसी ने अपने गांव काझाखुर्द में गांव के लोगों के साथ होली भी खेली। साथ ही लोगों को चना का होरहा और चटनी परोसा।