कई पेट्रोल पंपों पर पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा, जिला पूर्ति अधिकारी बोले- स्टॉक पर्याप्त, अफवाहों से बचें
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। रसोई गैस के बाद शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह पर पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही कार, बाइक, ट्रैक्टर और स्कूली वाहन चालक अपनी टंकी फुल कराते दिखे। रानीपुर में कुछ युवक पिकअप पर पानी की 500 लीटर की टंकी लेकर डीजल लेने पहुंचे।
भीड़ का असर यह रहा कि घोसी और कोपागंज में दो पेट्रोल पंप ड्राई हो गए। पिछले दो दिन के सापेक्ष शुक्रवार को 130 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री करीब 25 प्रतिशत तक अधिक रही। मधुबन में भीड़ बढ़ने पर दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
भीड़ को देखते हुए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा। वाहन चालकों को नंबर लगाकर पेट्रोल भरवाने की व्यवस्था की गई। उधर, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने वीडियो जारी कर बताया कि जिले में सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
शहर के कलेक्ट्रेट मोड़, सहादतपुरा, बालनिकेतन तिराहा, भुजौटी, बलिया मोड़ और अदरी समेत अन्य पेट्रोल पंपों पर अफरातफरी रही। सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और घरों में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक न करने की अपील की।
ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर भी अफरातफरी
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की अफवाह का असर दिखा। घोसी और कोपागंज में पेट्रोल पंपों पर दोपहर बाद ही ‘नो पेट्रोल’ का नोटिस चस्पा करना पड़ा। मधुबन में भीड़ बढ़ने पर दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस की निगरानी में वाहन चालकों ने पेट्रोल भरवाया। रानीपुर ब्लॉक में एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवक पिकअप से पानी की पांच सौ टंकियां लेकर पहुंचे और उसे भराने लगे। कई जगहों पर लोग कंटेनर और बड़े डिब्बों में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक भराते दिखे। वहीं वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के साथ डिब्बों में भी ईंधन भरवाने का प्रयास कर रहे थे। संचालकों ने डिब्बों में ईंधन देने से इनकार कर दिया, जिससे लोगों ने नाराजगी जताई।
0000000000000000
जिले में पर्याप्त ईंधन, अफवाहों से बचें : एडीएम
अफवाह के बाद पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने कई पंपों का निरीक्षण किया। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह के कारण भारी भीड़ और लंबी कतारें लगीं। उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोग अफवाहों से बचें। अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को 130 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का 803 किलोलीटर (केएल) स्टॉक रहा, जबकि बिक्री 200 केएल रही। डीजल का स्टॉक 1066 केएल और बिक्री 294 केएल रही। वहीं 24 से 25 मार्च के बीच 339 किलोलीटर की बिक्री हुई।