शव सिवान में मिला, युवक की नहीं हो पाई पहचान
- फोटो : mau
रानीपुर थाना क्षेत्र के अरैला ग्राम पंचायत के भवराजपुर मौजा के समीप पलिया-करहां संपर्क मार्ग पर सोमवार की सुबह कनपटी पर गोली लगी एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह शौच को जा रहे एक युवक ने शव देखा तो उसने शोर मचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी। युवक के शरीर पर भुरे रंग का लोवर, पीला शर्ट एवं काला जैकेट था। कपड़े की जेब से एक ईयरफोन, रूमाल एवं ताले की चाभी मिला है। शव के बगल में एक खाली खोखा एवं कारतूस पुलिस ने बरामद किया है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। युवक को रविवार की रात कहीं से बुलाकर चकरोड पर ही मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के अरैला ग्राम पंचायत के भवराजपुर मौजा के समीप पलिया-करहां संपर्क मार्ग पर सोमवार की सुबह गांव का ही एक युवक शौच के लिए जा रहा था। सड़क पर एक युवक को पीठ के बगल गिरा देखा तो अवाक रह गया। युवक के कनपटी पर गोली का निशान था और गोली आर पार हो गई थी।
शव खून से लथपथ था। युवक ने इसकी सूचना जब गांव में दी तो मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर एएसपी सुनील सिंह, सीओ अनिल सिंह और फोरेंसिक विभाग की टीम पहुंची। शव को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
इस संबंध में एसपी मुनिराज का कहना है कि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शिनाख्त के साथ ही घटना के खुलासे के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।