दोहरीघाट के गोठा में युवक की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : mau
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोंठा बाजार में मंगलवार की भोर में नेशनल हाइवे पर किसी वाहन की चपेट मेें आकर युवक की मौत हो गई। वाहन के पहिये से कुचले जाने के कारण पुलिस को शिनाख्त करने में दिक्कत हुई। हालांकि उसकी पहचान भरत लाल (25) के रूप में हुई। युवक दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद का निवासी था। उसके परिवार में कोई नहीं था, जिससे वह फूफा के घर पर रहता था। पुलिस के अनुसार युवक किसी ट्रक की चपेट में आ गया होगा।
भोर में शौच के लिए निकली महिलाओं ने सबसे पहले शव को देखा। युवक का चेहरा पहिये से बुरी तरह से कुचल गया था। साथ ही पैर और हाथ अलग अलग दिख रहे थे। शव के पास बाइक पड़ी थी। लोगों ने घटना की सूचना दोहरीघाट थाने की पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दोहरीघाट नीरज पाठक ने मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही बाइक को थाने ले गए। इस दौरान पुलिस ने बाइक पर अंकित नंबर से मृतक के परिवार के सदस्यों से संपर्क साधा।
तब पता चला कि मृत युवक भरत दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार युवक मूल रूप से मधुबन थाना क्षेत्र के टमठा गांव का निवासी था। जब वह पांच माह का था, तभी उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। जिसके बाद इब्राहिमाबाद गांव निवासी उसके फूफा ने उसका पालन पोषण किया।