मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ के पास बुधवार की सुबह अनियंत्रित गति से आ रही डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार चला रहा युवक घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को को जिला अस्पताल लेकर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृत युवक ईंट कारोबारी है और घटना के समय आजमगढ़ अपनी बहन के यहां जा रहा था।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फरसरा खुर्द निवासी राजीव कुमार राय उर्फ टिंकू (38) बुधवार की सुबह कार से आजमगढ़ में अपनी बहन के यहां जा रहा था। अभी वह आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग स्थित चिऊटीडांड के पास पहुंचे ही थे कि आजमगढ़ की तरफ आ रही डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार चला रहे राजीव कुमार राय गंभीर रूप से घायल हुए।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट में भर्ती कराई। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही राजीव ने दम तोड़ दिया।
वहीं टक्कर मारने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी निवेदिता और दोनों पुत्र को रो रोकर बुरा हाल था।