सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सपा नेता गुलाबचंद यादव एवं दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के साड़ी व्यापारी रामनरायन मौर्या से क्रमश: 25 और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया।
विनोद सेठ हत्या के खुलासे के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने बताया कि सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ठकुरमनपुर गांव निवासी सपा नेता एवं शराब कारोबारी गुलाबचंद यादव से 26 जनवरी 2016 को उनके मोबाइल पर बदमाशों ने फोन कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर हत्या की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इन्हीं बदमाशों ने दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के दुरजनरायपुरा निवासी साड़ी कारोबारी रामनरायन मौर्या से भी दस लाख रुपये की रंगदारी 20 मार्च 2016 को मांगी। पुलिस ने दोनों घटनाओं में एक ही सिम का प्रयोग होने पर आरोपियों की खोजबीन शुरू की।
गुरुवार को पुलिस ने इस मामले ने संयुक्त टीम बनाकर कौशल बरनवाल पुत्र भोलानाथ बरनवाल निवासी हकीकतपुरा थाना दक्षिणटोला, वकील मौर्य निवासी सलेमपुरा एवं शिवमुनी पुत्र लालू निवासी बनौरा थाना दक्षिणटोला को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए दो आरोपी वकील मौर्य एवं शिवमुनी साड़ी कारोबारी रामनरायन मौर्या के यहां ही काम करते थे। पुलिस ने उन्हें हकीकतपुरा मोड़ से गिरफ्तार कर रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, नेट सेटर, सिम कार्ड आदि बरामद कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।