रानीपुर थाना क्षेत्र के काझा, बबुआपुर पिपरीडीह मार्ग पर मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे तगादा कर लौट रहे कपड़ा व्यवसायी के मुनीम को तमंचा दिखाकर बाइक सवार बदमाशों ने 25 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश मुनीम की बाइक की चाभी छीनकर मौके से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र कुमार बर्नवाल (40) पुत्र राम दास बर्नवाल जिला मुख्यालय स्थित भीटी चौराहे पर स्थित बाबा वस्त्रालय नामक कपड़े की दुकान पर काम करता है। मंगलवार की शाम को वह पिपरीडीह, रैकवारेडीह पखईपुर आदि बाजारों से कपड़े के दुकानदारों के यहां से तगादा कर काझा की तरफ जा रहा था। जब वह ब्राहमणपुरा पोखरे के पास पहुंचा ही था कि सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। मुनीम कुछ समझ पाता कि बदमाशों ने रवींद्र की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और तगादे की रकम छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की पिटाई भी कर दी। कुछ ही मिनटों पर घटना को अंजाम देकर बदमाश काझा की तरफ भाग गए। जाते जाते मुनीम की बाइक की चाभी भी छीन ले गए। मुनीम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी ललित कुमार सिंह, सीओ राजकुमार, थानाध्यक्ष रानीपुर मय फोर्स मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए जगह जगह पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही व्यवसायी भी मौके पर पहुंच गया। मुनीम ने तहरीर दी है सीओ राजकुमार का कहना है कि जगह जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।