अमिला में शराब के ठेकेदार को दूकान छोड़ने की धमकी देने वाले बदमाश को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया आरोपी प्रमोद यादव जेल में बंद अपराधी लालू का भाई है। उसके नाम पर रंगदारी वसूलने का काम करता है। वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किए गए प्रमोद के पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस जब्त किया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा द्वारा अल सुबह 7 बजे से 9 बजे तक चलाए गए संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग में कोतवाल विश्वजीत सिंह ने थानीदास से आलिया मोड़ के बीच चेकिंग के दौरान आलिया की तरफ से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। इससे वह पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इनके पास से एक तमंचा व दो कारतूस एवं एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ करने पर पता चला कि जेल में बंद अपराधी लालू का सगा भाई प्रमोद यादव पुत्र रामवचन यादव निवासी डोड़ापुर थाना सरायलखंसी है।
इसके पास से एक तमंचा व कारतूस एवं योगेश चैहान पुत्र रामपति चौहान निवासी भीरा थाना घोसी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपियों ने लालू के नाम पर रंगदारी वसूलने का काम करना बताया। दोनों अमिला स्थित एक अंग्रेजी शराब के लाइसेंसी को भी दूकान छोड़ने की धमकी दी थी। पुलिस ने दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।