घोसी कोतवाली के काजीपुरा मोहल्ले में किशोर की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
बहन के साथ छेड़खानी से गुस्साए घोसी कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा मुहल्ला निवासी एक युवक ने शनिवार की रात पड़ोस में रहनेवाले अपने किशोर दोस्त की चाकू घोंप कर और गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बगीचे में फेंक कर भाग निकला। रविवार की सुबह किशोर का शव मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जांच के लिए पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंची। बाद में पुलिस ने हत्यारोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से किशोर का खून सना मोबाइल और कपड़े बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने रविवार को एसपी कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि काजीपुरा निवासी आसिम (15) तथा सलमान दोस्त थे। बकौल सलमान, आसिम उसकी बहन से छेड़खानी करता था। जिसे उसने देख लिया था। मना करने पर भी वह नहीं माना तो वह शनिवार को चाकू लेकर रोज की भांति स्टेशन के समीप नकाब की एक दूकान पर काम करने के लिए गया था।
रात में वह रास्ते में खड़ा होकर आसिम का इंतजार करने लगा। थोड़ी देर में आसिम स्टेशन की ओर से साइकल से सिलाई मशीन लेकर आता देखा। उसने उसे रोक लिया और छेड़खानी की बात पर दोनों में गाली गलौज होने लगी। तभी सलमान ने आसिम का गला पकड़ लिया खींच कर बगीचे में ले गया और छिपा कर रखे चाकू से उसके पेट में कई वार कर दिए। जमीन पर गिरने के बाद उसने उसका गला भी रेत डाला।
खून से सन जाने पर सलमान ने खुद को सामान्य किया और आसिम की साइकल और सिलाई मशीन लेकर घर आ गया। घर पर उसने कपड़े धोये और इसके बाद आसिम की साइकल और सिलाई मशीन उसके घर यह कहकर पहुंचा आया कि आसिम ने घर पर पहुंचा देने के लिए कहा था और खुद कहीं चला गया। सुबह आसिम का शव पाए जाने एवं जांच के बाद पूरी बात सामने आ गई। एसपी शिवहरि मीना ने खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया।