थाना चिरैयाकोट अंतर्गत ग्राम सिरसा के समीप आजमगढ़-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार असलहाधारी दो बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर एक युवक की बाइक और उसकी मोबाइल लूट ली।
घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरु की लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लग सका।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी सर्वजीत यादव सुबह साढ़े सात बजे चिरैयाकोट की ओर से अपने घर मोटरसाइकिल से जा रहा था।
उनके पीछे से एक दूसरे मोटरसाइकिल पर असलहाधारी दो बदमाश आ रहे थे। सिरसा गांव के समीप बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने सर्वजीत के कनपटी पर असलहा सटा दिया तथा दूसरे ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठे-बैठे ही दूसरे असलहे से हवा में फायरिंग कर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल छीन लिया।
घटना के बाद बदमाश सरसेना से पचीस्ता गांव की ओर भाग गये । सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष स्वरूप कुमार वर्मा ने घटना स्थल पर पहुंच कर बदमाशों की खोजबीन शुरु की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है।