सरसेना पासीपुरा के पास आजमगढ़ -गाजीपुर मार्ग पर हादसे में बच्चे की मौत के बाद सड़क जाम कर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : mau
चिरैयाकोट/सरसेना थाना क्षेत्र के आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग स्थित सरसेना बाजार में शुक्रवार को सड़क पार कर रहे बालक की कार के टक्कर मार देने से मौत हो गई। घटना के बार चालक वाहन समेत फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणो ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घंटेभर बाद सीओ के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
सरसेना गांव निवासी राजेंद्र पासवन का सात वर्षीय पुत्र नंदलाल पासवन अपनी बुआ के साथ सुबह करीब 10 बजे सरसेना बाजार आया हुआ था। गांव वापस जाने के लिए वह आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पार कर रहा था कि चिरैयाकोट से गाजीपुर की तरफ जा रही कार ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि चालक वाहन समेत भागने में सफल रहा। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही बालक के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नाराज परिजन आरोपी चालक का को गिरफ्तार करने तथा मुआवजा की मांग को लेकर सड़क पर पहुंचे और शव को रखकर जाम लगा दिया। इससे कुछ ही देर में मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लग गई।
हादसे तथा जाम की सूचना पर सीओ राजकुमार चिरैयाकोट एसओ सचिदानन्द यादव के साथ पहुंचे। जहां उनके द्वारा शीघ्र ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने तथा मुआवजा दिलाने का आश्वासन देने पर जाम समाप्त कराया। मृत बालक नंदलाल तीन भाईयों में सबसे छोटा था। मौत से मातम छाया रहा।