दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के 100 मीटर पश्चिम सपा के नगर कार्यालय के पास शुक्रवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर हालांकि कोई चोट आदि के निशान न होने से मौत को ठंड से जोड़ के देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार आस पास के लोगों के बयान के मुताबिक युवक कबाड़ बटोरने का काम करता था। बहरहाल पुलिस मृतक के लाल स्वेटर एवं आसमानी मफलर से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाने से कुछ ही दूरी पर सपा का नगर कार्यालय है। यहीं पास में फैजी गेट भी है, जहां शुक्रवार की सुबह एक लगभग 35 वर्षीय युवक लेटे हुए अवस्था में मिला। सुबह चाय आदि पीने के लिए आए लोगों ने देखा तो वह मृत पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उसकी फोटोग्राफी भी कराई और उसके कपड़ों से उसके शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। आस पास के लोगों ने बताया कि युवक आए दिन कबाड़ बिनते वक्त देखा जा रहा था।
ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत
हलधलरपुर। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार की सुबह अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन से कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि रात में किसी ट्रेन से यह हादसा हुआ है। सुबह वहां से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।