मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव में मंगलवार शाम एक ग्रामीण के घर के परिसर में बने कुएं में साठ वर्षीय वृद्ध का शव उतराया मिला। मृतक बीते छह दिनों से घर से लापता था। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
रानीपुर के शमशाबाद गांव निवासी मुसाफिर पासवान (60) गांव में ही एक व्यक्ति के यहां रहकर घरेलू काम करते थे। परिवार वालों के मुताबिक वह मनोरोगी थे। पिछले छह दिनों से वह घर से लापता थे। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने 22 जनवरी को रानीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
उधर, मंगलवार शाम मुसाफिर का शव उसके मालिक के घर के परिसर में स्थित कुएं से बरामद हुआ। लोगों ने बताया कि कुएं से दुर्गंध आने पर देखा गया तो मुसाफिर का शव उतराया हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रानीपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि मुसाफिर की गुमशुदगी का मामला दर्ज है। अभी तक किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।