चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर गिरधारी पौहारी इंटर कालेज के सामने बाइक को टक्कर मारने के बाद गड्ढे में पहुंची कार।
- फोटो : mau
स्थानीय थाना क्षेत्र के आजमगढ़ गाजीपुर मार्ग पर स्थित गिरधारी पवहारी इंटर कालेज के सामने रविवार की शाम चार बजे अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो लोगों को धक्का मार दिया। जिससे वह घायल हो गए। घटना से घबराकर भाग रहे कार चालक ने कुछ दूरी पर फिर एक दूसरी बाइक में धक्का मार दिया। बेकाबू कार के धक्के से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। बाद में दंपती की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
सरायलखंसी कहिनौर गांव निवासी सुवास चौहान (50) पुत्र वंशू चौहान और गोपाल मौर्य (45) पुत्र हरेंद्र मौर्य रविवार की शाम चार बजे चिरैयाकोट की तरफ से काझा की तरफ जा रहे थे। वे गिरधारी पवहारी इंटर कालेज के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से जा रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। ठोकर लगने से दोनों घायल हो गये । इस घटना के बाद कार चालक घबरा गया और तेजी से कार चलाकर भागने लगा। कुछ ही दूर गया था कि उसकी कार बेकाबू हो गई और एक अन्य बाइक में धक्का मारते हुए आगे जाकर पलट गई। इस घटना में बाइक सवार थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव निवासी रामबचन राम (42) पुत्र छोटई की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी बाइक पर बैठी उसकी पत्नी उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसकी बाद में मौत हो गई। मोटरसाइकल को धक्का मारने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक गड्ढे में पलट गई। कार चालक कार छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजकर कार और बाइक को थाने लाई। तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।