घोसी कोतवाली क्षेत्र के थानीदास मोड़ के सामने रविवार को बदहाल राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर बने गड्ढे में बालू से लदा ट्रक फंस गया। इससे करीब तीन घंटे मार्ग पर जाम लगा रहा। इस कारण छोटे वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला गया। वहीं हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई।
रविवार की दोपहर 2 बजे दोहरीघाट से बालू लाद कर एक ट्रक मऊ की तरफ आ रहा था। ट्रक जैसे ही थानीदास मोड़ के सामने पहुंचा तभी उसका पिछला पहिया सड़क के गड्ढे में फंस गया। ड्राइवर व लोगों के काफी प्रयास के बाद भी पहिया नही निकाला जा सका। जिससे दोहरीघाट रोड़ पर अमिला स्टेशन तक और थानीदास से घोसी रोड़ पर सोनाडीह मार्ग तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। तीन घंटे तक लगे जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे घोसी कोतवाल परमानंद मिश्रा ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को जेसीबी से बाहर निकलवाकर आवागमन को सुचारू रूप बहाल कराया।