पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने जा रहा दूल्हा ससुराल जाने की बजाय हवालात पहुंचा गया। सूचना पर पुलिस ने उसपर कार्रवाई की। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जनपद के थाना तरवां के ग्राम गदाईपुर निवासी प्रदीप विश्वकर्मा पुत्र पारस विश्वकर्मा की शादी चार वर्ष पहले गाजीपुर जनपद के नन्दगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमीकला निवासी रामदुलारे विश्वकर्मा की पुत्री रीया से हुई है। रीया पारिवारिक कारणों से पिछले चार सालों से अपने मायके रह रही है। इधर उसका पति प्रदीप विश्वकर्मा चोरी से चिरैयाकोट निवासी अपने मौसा कंठी विश्वकर्मा के घर से दूसरी शादी करने के लिए बारात लेकर आजमगढ़ जनपद के थाना जहानागंज क्षेत्र के बड़हलगंज निवासी फेंकू विश्वकर्मा के घर जा रहा था। प्रदीप की इस करतूत की भनक उसकी पहली पत्नी रीया को लग गई। उसने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता बरतते हुए दूल्हा बने प्रदीप को हिरासत में लेकर हवालत में डाल दिया। मामला बिगड़ता देख बराती भी इधर उधर खिसक लिए।