बढ़ुआ गोदाम (मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़राव ब्लाक पर मंगलवार की दोपहर में संविदा का नवीनीकरण कराने को लेकर संविदा चालक और डाक्टर के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस दौरान घायल हुए डाक्टर को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल ने पुलिस को तहरीर दी है। घायल चिकित्सक दीपेंद्र कुमार पुत्र पल्टन राम मुबारपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव के निवासी है। वर्तमान में उनकी तैनाती घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़राव ब्लाक स्थित सीएचसी पर दंत चिकित्सक के रुप में है। अस्पताल का वाहन चलाने के लिए बोझी बाजार निवासी राजेंद्र कुमार संविदा पर रखा गया है। बताया जाता है राजेंद्र की संविदा समाप्त हो रही थी। राजेंद्र ने डाक्टर से संविदा नवीनीकरण करने के लिए कहा। इसको लेकर मंगलवार को डाक्टर और संविदा चालक के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर चालक और डाक्टर के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान डाक्टर को चोटे आई। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। घाटना के बाबत डाक्टर ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र सौंपा। जिसके आधार पर पुलिस मारपीट में घायल हुए डाक्टर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।