दोहरीघाट । दो वर्ष में धन दुगना करने सब्ज बाग दिखाकर रुपया जमा करने और समय पूरा होने पर भुगतान न करने पर नाराज उभोक्ताओं ने दोहरीघाट बाजार स्थित बैंक के समाने प्रदर्शन किया। इस बात की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घटना से अवगत होने पर बैंक के कर्मचारियों के साथ पीड़ितों को थाने लाई। यहां पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ कर रही थी। जबकि पीड़ित पचास लोगों ने बैंक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी। उपभोक्ताओं की मानें तो बैंक सैकड़ों ग्राहकों का करीब पचास लाख रुपये का भुगतान नहीं कर रही।
अपना बाजार कटरे में ट्रिंटी मल्टी स्टेट कोआपरेटिव क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी चल रही थी। दो वर्ष में धन दुना करने का झांसा देकर कंपनी ने सैंकडों को अपना ग्राहक बना लिया। आरोप है कि बैंक में रुपया जमा करने के बाद समय पूरा होने पर उपभोक्ता भुगतान लेने के लिए बैंक पहुंचे तो बहाना बनाकर उन्हें वापस कर दिया गया। गुुुरुवार की शाम को करीब पचास उभोक्ता एक साथ बैंक पर अपना भुगतान लेेने के लिए पहुंचे। बैंक के मैनेजर और आरएम के पद पर आसीन व्यक्ति ने जब उन्हे समझा बुझाकर वापस करने का प्रयास किया तो उपभोक्ता हंगामा करने लगें। इस दौरान मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना से अवगत होने के बाद पुलिस बैंक के मैनेजर आरएम सहित अन्य कर्मचारियों को थाने लाई।
तहरीर देने वालों में पंकज जायसवाल ने बताया कि उन्हे भुगतान के लिए आठ माह से दौड़ाया जा रहा है। उन्होंने बैंक में करीब चार लाख रुपया जमा किया है। विजय लक्ष्मी यादव, प्रीति यादव, हरेंद्र, लालबहादुर शर्मा, राजेंद्र गुप्ता ,रामानंद रंगवा, मुर्तजा, नदीम, इकबाल, माया देवी, गंगाप्रसाद, कन्हैया लाल, सुधीर कुमार सिंह, दीपक वर्मा, सहित सैकड़ों लोगों ने बैंक पर भुगतान ने देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि लोगों की शिकायत पर पुलिस आरोपो की छानबीन कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।