कुसम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा गांव में एक सप्ताह के अंदर ठगी की दो घटनाओं को अंजाम देकर बदमाश लाखों रुपये के आभूषण ले जाने में सफल रहे हैं। पीड़ितों के सूचना देने के बाद भी पुलिस आरोपियों का पता लगाने में विफल है। जबकि दोनों घटनाओं को मिलाकर ठगी करने वाला गिरोह करीब तीन लाख रुपये का आभूषण ले जाने में सफल रहा है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा गांव में बीते सप्ताह ठगों का गिरोह फ्री में आभूषण साफ करने के बहाने एक लाख रुपये मूल्य का आभूषण ले जाने में सफल रहें। पीड़ित बृजेश राय ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की शिथिलता देख हौसला बुलंद ठगों का गिरोह बुधवार को गांव निवासी अमरेंद्र राय के घर पहुंचे। इस दौरान ठग ने अमरेंद्र की पत्नी को अपना परिचय उनके पुत्र अमित के दोस्त के रुप में दिया। साथ ही बताया कि उसका घर दोहरीघाट बाजार में है। वह नोएडा में उनके पुत्र के साथ नौकरी करता है। उसने बताया कि अमित की तबितय खराब है, वह नोएडा में भर्ती है। अमित को रुपये की जरूरत है, उसने रुपये के लिए भेजा है। घर में रुपया न होने पर उसकी मां ने अपना करीब दो लाख रुपये मूल्य का आभूषण ठग को सौंप दिया।
पीड़ित परिवार ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गुरुवार को दोहरीघाट थाने पर प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की थी। हालांकि संपर्क करने पर पुलिस ने प्रार्थना पत्र मिलने से इंकार किया है।