रतनपुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के बकुचीडांड़ी डीह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास शुक्रवार की सुबह लगभग सात बजे बिजली का तार टूट कर गिरा था। इसमें करेंट दौड़ रहा था। इस दौरान स्कूल जा रहा एक छह वर्षीय छात्र इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह पहली कक्षा का छात्र था। बकुची डांड़ी डीह गांव निवासी चुन्नू चौहान का बेटा आदित्य चौहान (6) अपने गांव के प्राइमरी स्कूल जा रहा था। जब वह स्कूल के निकट पहुंचा ही था कि उसका पैर पहले से टूट कर गिरे बिजली के तार पर पड़ गया। टूटकर गिरे तार में करेंट प्रवाहित हो रहा था। करेंट की चपेट में आते ही बालक चुन्ने छटपटाने लगा। उसके कुछ ही पीछे और बच्चे स्कूल जा रहे थे। संयोग से वे अभी तार से दूर ही थे। बच्चों के शोर मचाने पर गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोग उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।